
छतरपुर। शिक्षा विभाग अंतर्गत दिनांक 13 व 14 जनवरी को विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता खेली गई। प्रतियोगिता में संभाग की पांच जिलों की टीमों ने भाग लिया। 13 जनवरी को पहला मैच छतरपुर और पन्ना जिले की टीम के बीच खेला गया जिसमें छतरपुर की टीम 6 रन से विजेता रही। वहीं दूसरा मैच दमोह व निवाड़ी के बीच खेला गया जिसमें निवाड़ी ने जीत दर्ज की। 14 जनवरी को प्रात: निवाड़ी व सागर की टीमों के बीच सेमीफाइनल खेला गया जिसमें सागर की टीम ने बाजी मार ली। प्रतियोगिता का फाइनल मैच छतरपुर और सागर जिले की टीम के बीच खेला गया। मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचा और मैच का फैसला सुपर ओवर के माध्यम से किया गया। छतरपुर ने सुपर ओवर में 19 रन का लक्ष्य सागर की टीम को दिया जिसके विरुद्ध सागर की टीम द्वारा सुपर ओवर में सिर्फ 9 रन ही बना सकी और 9 रनों से छतरपुर की टीम ने फाइनल में जीत दर्ज की। विजेता टीम छतरपुर और उपविजेता सागर की टीम रही। छतरपुर की ओर से फाइनल में सर्वाधिक रन विपिन दीक्षित द्वारा बनाए गए। वहीं मैन ऑफ द सीरीज मनीष नामदेव रहे। मैच का समापन जिला शिक्षा अधिकारी एमके कोटार्य द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया गया। छतरपुर टीम का नेतृत्व एपीसी रामहित व्यास द्वारा किया गया।








