खजुराहो। नगर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जो पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक और भव्य रही। शोभायात्रा गली के बब्बा जू मंदिर से प्रारंभ होकर स्कूल चौराहा, गांधी चौराहा, पहल वाटिका, शिवसागर तालाब एवं मुख्य बाजार से होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा में घोड़े, ऊंट, बग्घियां, ढोल-मंजीरे, रामधुन तथा देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें हनुमान जी एवं जामवंत जी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया और कई जगहों पर पुष्पवर्षा भी की गई। अंत में मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, भव्य महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।









