नौगांव। नगर के पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में बीते रोज वाटर कूलर से पानी निकालते समय करंट लगने से हुई छात्र राज तिवारी की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब छात्र का शव परिजनों को सौंपा गया, तो माहौल गमगीन हो गया। मृतक के पिता सुनील तिवारी ने कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य और संबंधित स्टाफ पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
मृतक के पिता सुनील तिवारी ने भरी हुई आंखों से बताया कि राज की मौत से कुछ घंटे पहले ही उनसे फोन पर बात हुई थी। राज ने फोन पर डर जाहिर करते हुए कहा था कि हॉस्टल के वाटर कूलर में करंट आ रहा है। वह 1 मार्च को घर आने वाला था, लेकिन घर पहुँचने से पहले ही सिस्टम की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। पिता का आरोप है कि हॉस्टल में अव्यवस्थाओं का अंबार है और छात्र लगातार इसकी शिकायत कर रहे थे। सुनील तिवारी का कहना है कि वाटर कूलर में करंट आने की जानकारी छात्रों ने कई दिनों पहले ही चौकीदार, वार्डन और प्राचार्य को दे दी थी। इसके बावजूद किसी ने भी सुधार कार्य नहीं कराया और न ही कूलर का उपयोग बंद करवाया। पिता ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन को खतरे की जानकारी थी, तो उसे ठीक क्यों नहीं किया गया? उन्होंने इसे हादसा नहीं, बल्कि ‘प्रशासनिक हत्या’ करार दिया है।
जांच और कार्रवाई का इंतजार
सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर गृह ग्राम रवाना हो गए। इस दौरान एसडीएम गोपालशरण पटेल और कॉलेज प्राचार्य आर.एस. गोस्वामी भी मौजूद रहे। परिजनों और सहपाठियों में कॉलेज प्रशासन के प्रति भारी रोष व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए और उन सभी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज हो, जिन्होंने छात्रों की सुरक्षा को ताक पर रखा।









