तहसील में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य जिला प्रशासन की देखरेख में तेजी से संचालित किया जा रहा है, जिसका लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है। निर्वाचन शाखा में मतदाताओं के फॉर्म में पाई गई त्रुटियों को सुधारने के लिए अधिकारियों की उपस्थिति में निरंतर सुनवाई की जा रही है।जानकारी के अनुसार छतरपुर तहसील में कुल 5083 मतदाताओं के आवेदनों में कमियां पाई गई हैं। इन प्रकरणों के निराकरण के लिए निर्वाचन शाखा में 8 विशेष काउंटर बनाए गए हैं, जहाँ प्रतिदिन लगभग 400 मतदाताओं की सुनवाई सुनिश्चित की जा रही है। अनुविभागीय अधिकारी अखिल राठौर ने बताया कि 5 जनवरी से शुरू हुई यह प्रक्रिया 29 जनवरी तक चलेगी। वर्तमान में अधिकतर त्रुटियां माता-पिता के नाम और वर्ष 2003 की गणना के आधार पर मृत दर्शाए जाने से संबंधित आ रही हैं। सुनवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई जा रही है। इस कार्य में तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित 8 सदस्यीय टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।










