छतरपुर। शहर की विश्वनाथ कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दी जा रही निरंतर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि पिछले नौ वर्षों से उसे घरेलू विवाद और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न केवल उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हो रहा है बल्कि उसके मासूम बच्चों के भविष्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय अंजुल कुमार सोनकिया ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उसकी पत्नी रुचि सोनाकिया अपने मायके पक्ष के उकसावे में आकर आए दिन घर में विवाद करती है। पीड़ित के दो पुत्र हैं, लेकिन ससुराल पक्ष के हस्तक्षेप और भड़काऊ व्यवहार के कारण घर का वातावरण पूरी तरह खराब हो चुका है। युवक ने जानकारी दी कि वह पहले भी नौगांव थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करा चुका है, जहाँ उसकी एनसीआर भी काटी गई थी, परंतु स्थिति में कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आया। पीड़ित का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे वह अत्यंत तनाव में है। युवक ने अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा व मानसिक शांति हेतु प्रशासन से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है ताकि भविष्य में किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।










