छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पठापुर रोड पर रावतपुरम में देर रात एक शराबी चालक की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर किराना दुकान में घुस गई। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति कार की चपेट में नहीं अन्यथा जनहानि भी हो सकती थी।प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब पौने 11 बजे पठापुर रोड पर स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक यूपी 95 एटी 2660 अनियंत्रित होकर राकेश रावत की किराना दुकान में जा घुसी। दुकान मालिक राकेश रावत ने बताया कि चालक शराब के नशे में धुत था और हादसे के बाद फरार हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दुकान का सामान बिखर गया और दुकान को भी नुकसान पहुंचा। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज बरामद की और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। श्री रावत ने कहा कि यदि दुकान में ग्राहक होते तो बड़ा हादसा हो जाता। वहीं पुलिस ने शराबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।









