छतरपुर। चंदला नगर की तलैया में बीते दो दिनों से चल रहे रेस्क्यू अभियान के बाद आखिरकार गुमशुदा युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान चंदला के वार्ड 7 निवासी छोटे लाल साहू के पुत्र हर्ष साहू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्ष साहू 15 सितंबर की शाम घर से बिना बताए अचानक लापता हो गया था। परिजन जब देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा पाए तो 16 सितंबर को चंदला थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही थानाप्रभारी उदयवीर सिंह ने साइबर सेल की मदद से युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई, जिसमें पता चला कि मोबाइल थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर सक्रिय है। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान युवक का मोबाइल और जूते बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एसडीईआरएफ टीम को सूचित किया। टीम ने देर शाम करीब ढाई घंटे तक तलैया में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं बुधवार सुबह गोताखोरों की टीम ने एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया और जाल में फंसा युवक का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदला स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घटना से नगर में शोक का माहौल व्याप्त है।










