छतरपुर पुलिस ने जिला स्तरीय ऑपरेशन विश्वास के तहत मोबाइल चिरोह गिरोह को भी पकड़ा है, जिसका खुलासा भी एएसपी विदिता डागर ने किया। एएसपी ने बताया कि गुम मोबाइल फोन की सर्चिंग हेतु तकनीकि पोर्टल संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों द्वारा जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों, सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चोरी की घटना पर नियंत्रण हेतु बारीकी से निगरानी की जा रही है। पिछले दिनों गढ़ीमलहरा थाना में 4, बमीठा में 4, राजनगर में 3, मातगुंवा में 2 और गुलगंज तथा थाना कोतवाली में एक-एक मोबाइल चोरी का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। गठित पुलिस टीम द्वारा उक्त सभी प्रकरणों में बारीकी से भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। एकत्रित साक्ष्य के अनुसार मोबाइल चोरी के एक गिरोह के बारे में जानकारी मिली, जिसके कुछ सदस्य झारखंड के हैं। पुलिस टीम ने उक्त गिरोह के चार सदस्य संदीप पुत्र बालादीन कुशवाहा निवासी नौगांव रोड छतरपुर, चंदर पुत्र सौदागर नोनिया (महतों), बीरबल पुत्र राजेंद्र राय दोनों निवासी निवासी बाबूपुर थाना तीनपहाड़ जिला साहिबगंज झारखंड और एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया। उक्त लोगों के पास से चोरी के कुल 26 मोबाइल फोन और एक आपे कंपनी का ऑटो बरामद किया गया है। गिरोह के सदस्य छतरपुर जिले सहित अन्य जिलों में मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे।










