मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को भारी बारिश से प्रभावित लोगों को राहत राशि का वितरण कर उनकी मुश्किलों को कम करने का प्रयास किया। इसी क्रम में छतरपुर जिले के 721 हितग्राहियों को 78 लाख रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई। यह सहायता प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार द्वारा दी गई है।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने बताया कि शुक्रवार को भोपाल के समत्व भवन से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश भर में लगभग 30 करोड़ रुपये की राहत राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित की। इसमें जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति, कपड़ा, बर्तन और खाद्यान्न क्षति जैसे विभिन्न नुकसानों के लिए सहायता शामिल थी। छतरपुर जिले से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एनआईसी कक्ष में कलेक्टर के अलावा एडीएम मिलिंद नागदेवे सहित संबंधित अधिकारी और हितग्राही इस कार्यक्रम से जुड़े। जिले के 721 हितग्राहियों को कुल 78 लाख 49 हजार 400 रुपये की राहत राशि दी गई, जिसमें जनहानि के लिए 40 लाख, पशुहानि के लिए 6 लाख 80 हजार 500, मकान क्षति के लिए 31 लाख 48 हजार 900 और अन्य क्षतियों के लिए 20 हजार रुपये शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के हितग्राहियों से बातचीत कर उनके हालचाल जाने और हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।










