छतरपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने नरसिंहगढ़पुरवा मोहल्ले के एक मंदिर में हुई दान पेटी चोरी की वारदात का मात्र तीन दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई दान पेटी, उसमें रखे 6161 रुपये और चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद कर लिया। चक्षु अभियान के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों ने इस मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि चार दिन पहले नरसिंहगढ़पुरवा मोहल्ले के मंदिर से दान पेटी चोरी की शिकायत पुजारी ने दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता के तहत चोरी का अपराध पंजीकृत किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास के मोहल्लों, मार्गों, चौराहों और अन्य क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चक्षु अभियान के तहत जन सहयोग से लगाए गए कैमरों ने आरोपी की पहचान में महत्वपूर्ण मदद की। एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी हीरालाल उर्फ हल्के कुशवाहा, पिता जमुना प्रसाद, निवासी नरसिंहगढ़पुरवा, थाना सिविल लाइन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की दान पेटी, 6161 रुपये (नोट और सिक्के सहित) और लोहे का सब्बल बरामद हुआ। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।









