छतरपुर। छतरपुर जिले के प्राचीन धार्मिक स्थल संकट मोचन महादेव मंदिर में सावन माह के प्रथम सोमवार से लेकर प्रत्येक सोमवार को विशेष श्रृंगार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह श्रृंगार देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार पंडित दिनेश शर्मा द्वारा किया जाएगा, जो हर सप्ताह अलग-अलग आकर्षक दृश्य के माध्यम से महादेव का श्रृंगार करेंगे।
समाजसेवी राजेंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि संकट मोचन स्थित लगभग 500 वर्ष पुराने इस प्राचीन मंदिर का वर्तमान में जीर्णोद्धार कार्य तेजी से चल रहा है, जो आगामी महाशिवरात्रि से पूर्व पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्य में स्थानीय लोगों सहित कई श्रद्धालु सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
सावन माह के अंतिम सोमवार को मंदिर परिसर में विशाल भंडारे और मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से ओतप्रोत यह आयोजन छतरपुर जिले के धार्मिक जीवन में एक विशेष स्थान रखता है।









