
छतरपुर। शहर के वार्ड नंबर 35 की महिलाओं ने गुरुवार को कांग्रेस नेत्री दीप्ति पांडे के नेतृत्व में नगर पालिका कार्यालय में सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि पिछले पांच साल से उनके वार्ड में सड़क की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कांग्रेस नेत्री दीप्ति पांडे ने बताया कि वार्ड 35 के निवासियों ने कई बार नगर पालिका में आवेदन और निवेदन किए, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की कमी से बारिश में कीचड़ और गड्ढों की समस्या बढ़ जाती है। इस दौरान जब मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने आवेदन लेते हुए फोटोबाजी न करने की बात कही तो महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली, वहीं दीप्ती पांडे ने भी इसे गलत ठहराया।









