
छतरपुर। खजुराहो से पन्ना तक बिछाई जा रही रेल्वे लाइन का कार्य कर रही जीकेसी कंपनी पर आरोप है कि कंपनी बिना अनुमति के पहाड़ों तथा शासकीय जमीनों की खुदाई कर रही है। रेल्वे लाइन को बिछाने के काम में बिना अनुमति तथा रॉयल्टी वाली मुरम का उपयोग किया जा रहा है। ग्राम टिकुरी के ग्रामीण राजकुमार दुबे का कहना है कि जीकेसी कंपनी के जीएम प्रेमराजू अप्पाराव द्वारा शासकीय जमीनों और पहाड़ों की खुदाई के लिए लीज और अनुमति नहीं ली गई है। कंपनी बिना अनुमति के उत्खनन करने में जुटी हुई है, जिससे शासन को लाखों रुपए के राजस्व की क्षति हो रही है। उन्होंने बताया कि रेल लाइन बिछाने का कार्य टिकुरी, बराखेरा क्षेत्र में शुरू हो चुका है, जिसमें इसी मुरम का इस्तेमाल किया जा रहा है। टिकुरी सहित आस-पास के गांवों में कंपनी द्वारा बेतहाशा अवैध खनन किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले दिनों इसी तरह के मामले में कलेक्टर द्वारा पीएनएसी कंपनी पर करोड़ों रुपयों का जुर्माना लगाया गया था।









