
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में फोरलेन पर मंगलवार को सुबह के वक्त एक पिकअप चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी बाईक को टक्कर मार दी। चूंकि बाइक चालक और उसका साथी समय रहते हट गए थे, जिससे वे दोनों सुरक्षित बच गए लेकिन बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बाइक चालक लखन लाल यादव ने बताया कि वह अपने साथी कल्लू यादव के साथ फोरलेन पर आनंद फैमली रेस्टोरेंट के पास खड़ा हुआ था तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। उसने पिकअप को अपनी ओर आते देख लिया था इसलिए वह और उसका साथी कल्लू बाइक छोड़कर दूर हो गए थे इसलिए वे दोनों सुरक्षित बच गए। लखन लाल के मुताबिक टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक भागने का प्रयास कर रहा था, जिस कारण से काफी दूर तक वह उसकी बाइक को घसीटते हुए ले गया और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।









