
कहा- राजनैतिक संरक्षण के चलते दूसरे आरोपी को बचाने का हो रहा प्रयास
छतरपुर। बीते रोज ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम धमौरा के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य की विद्यालय के ही एक छात्र ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने कल शाम को ही घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को जिला अस्पताल में मृतक प्राचार्य का पोस्टमार्टम किए जाने के दौरान उनके भाई ने पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राजनैतिक संरक्षण प्राप्त होने के चलते घटना के दूसरे आरोपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।दिवंगत प्राचार्य एसके सक्सेना के छोटे भाई राजेन्द्र सक्सेना ने बताया कि घटना में एक नहीं बल्कि दो आरोपी शामिल थे। हत्या करने के बाद दोनों आरोपी एक साथ भागे थे लेकिन पुलिस कार्रवाई में दूसरे आरोपी का जिक्र नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि दूसरे आरोपी को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है। राजेन्द्र सक्सेना ने बताया कि उनके भाई को दो गोलियां मारी गई थीं, जिनमें से एक अभी भी उनके सिर में फंसी हुई है। उन्होंने विद्यालय स्टाफ पर आरोप लगाते हुए कहा विद्यालय में पदस्थ बद्री नागर और एक शिक्षिका उनके भाई से बुराई मानती थीं, जिनके धमकी भरे मैसेज भी मोबाइल में मिले हैं। इसी कारण से घटना में उनकी संलिप्तता होने का संदेह है।









