
जनसुनवाई में शिकायत होने पर कलेक्टर ने किया सस्पेंड
छतरपुर। जिले की राजनगर तहसील अंतर्गत एक पटवारी ने किसान से काम के एवज में रिश्वत ली, जिसका वीडियो किसान ने अपने मोबाइल में बना लिया था। किसान ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की और वीडियो उन्हें दिखाया, जिसके बाद कलेक्टर ने पटवारी को सस्पेंड कर दिया है। बुधवार को रिश्वत लेते हुए पटवारी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनगर तहसील अंतर्गत कुरेला हल्का में पदस्थ पटवारी रामअवतार अहिरवार ने किसान भगवानदास पटेल से काम के एवज में 5 हजार की रिश्वत मांगी थी। जिसके बाद किसान ने 2 हजार पूर्व में दे दिए थे 3 हजार देना बाकी थी। पटवारी काम को लेकर किसान लंबे समय से लटका रहा था। पटवारी के द्वारा बाकी के 3 हजार रूपए किसान से मांगे जा रहे थे। परेशान होकर किसान ने पटवारी को 3 हजार देते समय अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया और उसने रिश्वत के वीडियो के आधार पर मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत कर दी। वायरल वीडियो में पटवारी किसान से पैसे लेते हुए वह बातचीत करते नजर आ रहा है पटवारी ने किसान से पैसे फाइल में रखवाए और उसके बाद पटवारी ने पैसे अपनी जेब में रख लिए। कलेक्टर ने किसान की शिकायत पर वायरल वीडियो के आधार पर मंगलवार की देर शाम मप्र सिविल सेवा 1965 के नियम 1,2,3 के तहत दोषी पाए जाने पर रामावतार अहिरवार हल्का पटवारी करेला तहसील राजनगर को सिविल सेवा 1966 के नियम 9 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि वायरल वायरल वीडियो के आधार पर पटवारी को निलंबित किया गया है।









