
छतरपुर। बीती रात पेट्रोलिंग के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने शहर के नौगांव रोड पर क्रिश्चियन स्कूल के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास पुलिस को अवैध देशी तमंचा मिला, जिसमें कारतूस लोड था। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुजूर ने बताया कि उक्त युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते सफल नहीं हो सका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शनी उर्फ संजय खान उम्र 31 वर्ष निवासी शिल्पशाला मार्ग, टौरिया मोहल्ला छतरपुर बताया। युवक के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।








