छतरपुर। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक घायल महिला को उसके परिजन कुर्सी पर लिटाकर शिकायत लेकर पहुंचे। परिजनों ने पड़ोसियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।पीडि़त परिवार के अनुसार, महिला के साथ विवाद के दौरान मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले की शिकायत थाना बड़ामलहरा में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे।पीडि़त हरि वंशकार निवासी वार्ड क्रमांक 14, फील्ड मोहल्ला, बड़ामलहरा ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले मनीष, कैलाश, हरि एवं उनके परिवार के सदस्य आए दिन गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।










