छतरपुर। बेनीगंज मोहल्ले में संचालित अवैध शस्त्र फैक्ट्री के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। फैक्ट्री के खुलासे के बाद से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से हथियार बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह बेचने की फिराक में था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगा रही है। शहर के बेनीगंज मोहल्ले में बीते दिनों गयाप्रसाद कोरी के घर पर चल रही अवैध कट्टा फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया था। इस मामले में संलिप्त आरोपी राज चौहान घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि गयाप्रसाद के घर तैयार होने वाले हथियारों को राज चौहान को बेचने के लिए दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।









