Home डेली न्यूज़ डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी और पुत्र बाल-बाल...

डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी और पुत्र बाल-बाल बचे

8
0
Jeevan Ayurveda

नौगांव। थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलीपुरा-गरौली मार्ग पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे ग्राम रावतपुरा गंज (थाना अजनर) निवासी विश्वभान राजपूत (36 वर्ष) की एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की पत्नी विश्वसुंदरी और उनका पुत्र चमत्कारिक रूप से बच गए। घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में रेत खदान ठेकेदारों और डंपर चालकों के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वभान राजपूत अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर सोमवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। अलीपुरा से गरौली मार्ग के बीच टीला घाट पर, धसान नदी के पास संचालित रेत खदान की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विश्वभान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने रेत खदान संचालक और डंपर चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खदान पर आने वाले डंपर चालक सड़कों पर अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है और डंपर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here