छतरपुर। जिले के थाना गढ़ी मलहरा क्षेत्र अंतर्गत नुना ग्राम में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। जानकारी के अनुसार फूलचंद पटेल (निवासी नुना) और मोहन कुशवाहा (निवासी सिंदूरकी) के खेतों में सूखी फसल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 6 एकड़ क्षेत्र में फैल गई।ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का कारण खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट और तेज हवाएं बताई जा रही हैं। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस भीषण आगजनी में किसानों की सालभर की मेहनत जलकर खाक हो गई, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीडि़त किसानों ने प्रशासन से मुआवजा एवं आर्थिक सहायता की मांग की है।










