टीकमगढ़। गायत्री शक्ति पीठ पर दो दिवसीय सागर संभागीय उप जोन कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। बताया गया है कि गायत्री शक्तिपीठ टीकमगढ़ पर 28 एवं 29 मार्च को संपन्न होने वाले सागर संभागीय उप जोन कार्यकर्ता प्रशिक्षण का आरंभ शांतिकुंज हरिद्वार एवं भोपाल गायत्री शक्तिपीठ से आए प्रशिक्षक दल द्वारा दीप प्रज्वलन और देव पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर मध्य जोन भोपाल के प्रभारी राजेश पटेल ने कहा कि युग निर्माण योजना योजना के लक्ष्य मनुष्य में देवत्व के उदय और धरती पर स्वर्ग के अवतरण के लिए हमें लोक सृजेताओं के रूप में सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने युवा जोड़ो अभियान, पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियान विषय पर भी अपने विचार व्यक्त किए। श्री प्रभाकांत तिवारी ने शिक्षकों को युग निर्माण योजना से जोडऩे और प्रज्ञा संस्थाओं को जीवंत बनाने का आह्वान किया। इसी प्रकार जगदीश चंद्र कुलमी ने ट्रस्ट से संबंधित दायित्वों और कानूनी प्रावधानों के बारे में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम के दौरान आरपी गायकवाड ने गायत्री परिवार के कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनकी उत्कृष्टता पर अपने विचार व्यक्त किए। सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ एवं निवाड़ी जिलों के तहसील और विकासखंड स्तर की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कृष्ण शर्मा ने शिक्षा एवं बाल संस्कार की उपादेयता प्रतिपादित करते हुए बच्चों में संस्कार स्थापना की आवश्यकता निरूपित की। बताया गया है कि रमेश अभिलाषी ने स्वास्थ्य संरक्षण, व्यसन मुक्ति और कुरीति उन्मूलन की आवश्यकता पर बल दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक सौ से अधिक महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कार्यकर्ता कमलापति शर्मा ने किया।









