लवकुशनगर। ब्लॉक लवकुशनगर अंतर्गत सेक्टर मुंडेरी के ग्राम पंचायत भवन मढ़ा में मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद, छतरपुर के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था योगिता शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के लिए एक दिवसीय क्षमता-वर्धक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण में सेक्टर के मुंडेरी, सिजई, पटना, हिडोरावारी एवं लवराहा ग्रामों की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी तथा नवांकुर सखियाँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत मढ़ा के सरपंच श्री हरदयाल बंसल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री रामकिशोर पाल ने शिरकत की।प्रशिक्षण सत्र के दौरान कृषि विभाग से आए श्री राजवीर भदौरिया ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को जैविक खेती के महत्व, इसके लाभ और व्यावहारिक तरीकों के बारे में गहन जानकारी प्रदान की। ब्लॉक समन्वयक अनिल निगम ने प्रतिभागियों को रिकॉर्ड संधारण, एमआईएस फीडिंग तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रशासनिक कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। परामर्शदाता रामरूप द्विवेदी ने उपस्थित सदस्यों को समग्र ग्राम विकास की अवधारणा पर मार्गदर्शन करते हुए समाज में जनभागीदारी के महत्व को विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था के समन्वयक सूरज त्रिवेदी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रशिक्षकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।










