छतरपुर। 11 मार्च 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाले एक दिवसीय राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन समारोह में छतरपुर जिले की ग्राम पंचायत ईशानगर सरपंच निधि मिश्रा (बीकन लीडर), गोरा ज्योति मिश्रा एवं बरद्वाहा कविता यादव सहित जनपद पंचायत सीईओ बड़ामलहरा ईश्वर सिंह वर्मा को कार्यक्रम में सहभागिता करने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिका हितैषी अंतर्गत पंचायतों में आए बदलाव एवं किए गए कार्यों की शॉर्ट वीडियो दिखाई जाएगी और सरपंच अपनी पंचायतों का प्रतिनिधित्व करेंगी। साथ ही आने वाली चुनौतियों एवं अनुभवों को साझा करेंगी।जिला पंचायत सीईओ नम: शिवाय अरजरिया द्वारा सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। जिले की 15 पंचायतों को महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। साथ ही पंचायती राज विभाग भारत सरकार एवं पंचायत ग्रामीण विकास विभाग मध्यप्रदेश, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत (आरजीएस) तथा यूएनएफपीए के संयुक्त तत्वावधान में इन पंचायतों को महिला एवं बालिका हितैषी बनाने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे हैं।डीपीएम आरजीएसए नीतेश उपाध्याय ने बताया कि इन सभी ग्रामों में महिला सरपंच है जो महिलाओं की ग्राम पंचायतों में भागीदारी सुनिश्चित कराने, ग्राम स्तर पर महिलाओं और किशोरियों की आवश्यकताओं, अधिकारों और अवसरों को प्राथमिकता देने एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, सशक्त बनाने और स्थानीय शासन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने के क्षेत्र में कार्य कर रहीं हैं।ये पंचायतें हैं शामिलमहिला एवं बालिका हितैषी ग्राम पंचायतों में पिपट, झमटुली, कुटिया, पाय, गोरा, ईशानगर, सीगौन, थरा, तिलौंहा, कीरतपुरा, बनगाय, बरद्वाहा, ढड़़ारी, कंदोहा और ओंटापुरवा शामिल है।










