छतरपुर। छतरपुर जिले के नरसिंहगढ़ पुरवा में स्थित प्राचीन राम-जानकी मंदिर अब एक नए भव्य रूप में नजर आएगा। यहां जल्द ही 11 फीट ऊंची भगवान हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। दानदाताओं और श्रद्धालुओं के उदार सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे अब मंदिर परिसर पूरी तरह नया और आकर्षक दिखाई दे रहा है।मंदिर से जुड़े मनोज त्रिवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर का पूर्ण कायाकल्प किया गया है और इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ नया रूप प्रदान किया गया है। इसके अलावा मंदिर परिसर में पाषाण से निर्मित 11 फीट ऊंची दक्षिणमुखी खड़े हनुमान जी की प्रतिमा का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है, जो शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगा।यह विशेष प्रतिमा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संकल्प के अंतर्गत देशभर में स्थापित की जाने वाली 108 हनुमान प्रतिमाओं की श्रृंखला में पहली प्रतिमा होगी। इस संकल्प के तहत नरसिंहगढ़ पुरवा स्थित राम-जानकी मंदिर को यह गौरव प्राप्त हो रहा है।










