छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लुगासी निवासी पवन यादव पुत्र पहलवान सिंह यादव ने आज जिला एसपी और कलेक्टर को एक लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने नौगांव उपजेल में तैनात आरक्षक इतेन्द्र सिंह सिकरवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पवन यादव का कहना है कि आरक्षक ने उनसे पैसे की मांग की और बदतमीजी करते हुए मारपीट की। साथ ही धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो और अधिक मारपीट की जाएगी।
पवन यादव ने बताया कि वे 28 जनवरी 2026 को नौगांव उपजेल गए थे और 29 जनवरी को रिहा हुए। जेल में आरक्षक इतेन्द्र सिंह सिकरवार ने उनके पिता, भाई और मां का नाम पूछा। इसके बाद बदतमीजी का आरोप लगाकर मारपीट की और धमकी दी।
इस घटना के बाद पवन यादव ने 30 जनवरी को नौगांव थाने में शिकायती आवेदन देने का प्रयास किया, लेकिन थाने में आवेदन नहीं लिया गया और न ही उनकी मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) कराई गई। उसी दिन उन्होंने उप जेल अधीक्षक, नौगांव को भी आवेदन दिया। आरोप है कि इसके बाद आरक्षक इतेन्द्र सिंह सिकरवार ने बदले की भावना से पवन यादव के खिलाफ नौगांव थाने में झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। पवन यादव ने आवेदन में न्याय की मांग की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।









