छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक अपने भाई का उपचार कराने के लिए छतरपुर आए हुए थे और जैसे ही वे अस्पताल के समीप अपने वाहन से नीचे उतरे, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लखैरी निवासी 50 वर्षीय रामगोपाल शुक्ला, जो प्रसिद्ध कथावाचक लवलेश कृष्ण शास्त्री के मामा थे, सोमवार देर रात अपने भाई के इलाज हेतु सागर रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुँचे थे। परिजनों ने बताया कि जैसे ही रामगोपाल शुक्ला अपनी चार पहिया गाड़ी से उतर रहे थे, तभी सागर की ओर से कानपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक एपी 39 टी 7987 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें रौंद दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही लवलेश कृष्ण शास्त्री भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे ट्रक का पीछा किया और बस स्टैंड के समीप घेराबंदी कर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजकर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।









