छतरपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ ससुराल पहुंची और सास-ससुर के साथ मारपीट करने के बाद दहेज में दी गई मोटरसाइकिल को जबरन घसीटते हुए ले गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा निवासी लक्ष्मण कुशवाहा के पुत्र की शादी 4 मार्च 2024 को हिंदू रीति-रिवाजों से रोशनी कुशवाहा से हुई थी। विवाह रोशनी के मायके जनकपुर में धूमधाम से संपन्न हुआ था और दहेज में मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान दिया गया था। हालांकि यह वैवाहिक जीवन मात्र 10 महीने ही चल सका।
आरोप है कि 27 दिसंबर 2024 को रोशनी कुशवाहा का सास-ससुर से विवाद हुआ, जिसके बाद वह अपने पिता किशनलाल कुशवाहा के साथ कथित तौर पर धमकी देकर मायके चली गई। लगभग एक साल बाद 2 जनवरी 2026 को रोशनी कुशवाहा अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ससुराल पहुंची। यहां पहुंचते ही सास-ससुर के साथ जमकर मारपीट की गई। इसके बाद दहेज में दी गई मोटरसाइकिल को बिना चाबी के दूसरी बाइक से रस्सी बांधकर घसीटते हुए ले जाया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीडि़त पति लक्ष्मण कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने इस घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर की है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल जांच का आश्वासन देकर आवेदन रख लिया है। पति का आरोप है कि पत्नी और उसके परिवार से उन्हें जान का खतरा है। पति का कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ रहना चाहता है और पत्नी भी उसके साथ रहने को इच्छुक है, लेकिन मायके वाले लगातार उनके दांपत्य जीवन में कलह और हस्तक्षेप कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।










