छतरपुर। बिजावर थाना क्षेत्र के ग्राम पठारी कला का रहने वाला एक युवक के ओडि़शा से रहस्यमयी ढंग से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक अपने गांव के ही दो मित्रों के साथ उनकी ससुराल घूमने गया था, लेकिन मित्र तो वापस लौट आए पर युवक का कोई अता-पता नहीं है। इस घटना से व्यथित परिजनों ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर ज्ञापन सौंपा है और साथियों पर अपहरण या अनहोनी करने का संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पठारी कला निवासी अखिलेश पटेल उम्र 30 वर्ष को उसके गांव के ही साथी महेश पटेल और छेदीलाल पटेल ओडि़शा लेकर गए थे। साथियों का कहना था कि वे अपनी ससुराल घूमने जा रहे हैं। 12 दिसंबर को तीनों ओडि़शा के लिए रवाना हुए थे। 22 दिसंबर को महेश और छेदीलाल तो सकुशल वापस गांव लौट आए, लेकिन अखिलेश उनके साथ नहीं आया। लापता अखिलेश के भाई रमेश पटेल के मुताबिक जिन दोस्तों के साथ वह गया था, वे गोल-मोल जवाब दे रहे हैं। वहीं अखिलेश की पत्नी प्रेमबाई का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को शक है कि महेश और छेदीलाल ने या तो अखिलेश का अपहरण किया है या उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हुई है है। परिजनों ने बिजावर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर अब परिवार ने एसपी से गुहार लगाई है।










