छतरपुर। तहसील ईशानगर अंतर्गत ग्राम पंचायत पनोठा के ग्राम मोटे का पुरवा के ग्रामीणों ने गांव में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर छतरपुर कलेक्टर के नाम मंगलवार को आवेदन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी जनसुनवाई में पहुंचे और बिजली की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया।आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 150 से 200 परिवार निवासरत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 10 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। इससे ग्रामीणों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश घरों के घरेलू विद्युत कनेक्शन विधिवत दर्ज हैं, इसके बावजूद नियमित और पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। जबकि आसपास के गांवों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बिजली की अनियमितता के कारण विशेष रूप से स्कूली बच्चों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं और बिजली कटौती से वे ठीक से अध्ययन नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व में इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग ईशानगर में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने कलेक्टर से मांग की है कि गांव की बिजली समस्या का शीघ्र निराकरण कर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों और छात्रों को राहत मिल सके।










