छतरपुर। शहर में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्त के दौरान हाईवे पर की गई घेराबंदी में एक कुख्यात आदतन अपराधी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को बीती रात गश्त के दौरान फोरलेन हाईवे पर अवैध हथियार के साथ एक संदिग्ध की मौजूदगी की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम तत्काल महोबा बायपास रोड स्थित प्रतीक्षालय पर पहुँची, जहाँ पुलिस को देखकर संदेही ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपेंद्र उर्फ डीपी ठाकुर पुत्र महंत सिंह ठाकुर निवासी सीताराम कॉलोनी छतरपुर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी डीपी ठाकुर हत्या के प्रयास, चोरी, अवैध हथियार और बलवा जैसे 15 गंभीर अपराधों में पहले से लिप्त है। कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा, आरक्षक नरेश, संदीप, कृष्णकांत पांडेय एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










