छतरपुर। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर सत्र 2025-26 के अनुसार संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या पीजी महाविद्यालय छतरपुर के तत्वावधान में सांईं एकेडमी क्रिकेट ग्राउंड पर किया जा रहा है।क्रीड़ा प्रभारी प्रो. बीके प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 एवं 14 दिसंबर को संभाग स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। वहीं 15 दिसंबर से 18 दिसंबर तक संभाग स्तरीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें सागर संभाग के सभी जिलों की टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता के तहत 15 दिसंबर को टीकमगढ़ एवं सागर के मध्य मैच खेला गया, जिसमें टीकमगढ़ की टीम विजयी रही। 16 दिसंबर को पन्ना एवं टीकमगढ़ के बीच हुए मुकाबले में पन्ना की टीम ने जीत दर्ज की। इसके बाद 17 दिसंबर को निवाड़ी एवं छतरपुर के मध्य मैच खेला गया, जिसमें छतरपुर की टीम विजयी रही। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को छतरपुर एवं पन्ना के बीच खेला गया जिसमें छतरपुर ने जीत हासिल की। पहले यह सभी मैच सांईं एकेडमी की मेजबानी में आयोजित किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यही वह ग्राउंड है जहां से राष्ट्रीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने निकलकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।प्रो. प्रजापति ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को मंच प्रदान करना है, ताकि वे आगे चलकर जिले, संभाग एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें। इस प्रतियोगिता से चयनित विजेता टीम सागर संभाग की ओर से दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में रीवा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेकर संभाग का प्रतिनिधित्व करेगी।










