छतरपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से छतरपुर पुलिस द्वारा समस्त थाना-चौकी क्षेत्रों में गुंडा, निगरानी बदमाशों, जेल रिहाई एवं हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी की जा रही है।इसी क्रम में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चिन्हित गुंडा बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जेल रिहाई एवं निगरानी में रखे गए व्यक्तियों को थानों में उपस्थित कर आवश्यक समझाइश दी गई। कुछ लिस्टेड बदमाश वर्तमान में जेल में निरुद्ध या जिले से बाहर हैं, जिनकी जानकारी भी एकत्रित की गई। क्षेत्र के गुंडा निगरानी हिस्ट्रीशीटर बदमाशों से संबंधित जानकारी संबंधित क्षेत्र की बीट एवं माइक्रोबीट पुस्तिका में अंकित की गई। नए चिन्हित बदमाशों से संबंधित जानकारी बीट पुस्तिका एवं गुंडा रजिस्टर में प्रविष्टि की गई।थानों में बुलाए गए चिन्हित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे कानून का पालन करें, क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अशांति, उपद्रव या दहशत का माहौल निर्मित न करें। उनके द्वारा ऐसे करने से उनके परिवार जनों पर भी असर पड़ेगा। अपराधों से दूर रहें, शांति व्यवस्था भंग करने या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित चिन्हित व्यक्तियों से शांतिपूर्ण जीवन जीने एवं अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई गई।









