छतरपुर। चौरसिया समाज की होनहार बेटी मयंका चौरसिया के डीएसपी पद पर चयन होने पर समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी खुशी और गर्व को व्यक्त करते हुए समाजजनों ने संस्कार वाटिका में उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया।सम्मान समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्प वर्षा और पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। मयंका चौरसिया को पुष्प गुच्छ, शॉल, श्रीफल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। चौरसिया समाज की मातृशक्ति ने भी मंच पर आकर मयंका का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में चौरसिया समाज के जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौरसिया, माणिक चौरसिया, अमरदीप चौरसिया, रनछौर चौरसिया सहित समाज के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मयंका की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने मयंका को आगे की सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे अपने प्रदेश का नाम और भी ऊँचा करेंगी।









