छतरपुर। पिछले एक सप्ताह में जिले के भीतर एक के बाद एक हत्या की चार गंभीर वारदातों से पूरा जिला दहल उठा है। बिजावर थाना क्षेत्र के भारतपुरा, सटई थाना क्षेत्र के कटारा, छतरपुर कोतवाली क्षेत्र के पठापुर रोड पर हत्याओं के बाद अब गौरिहार क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान चाकू से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारे जाने की घटना सामने आई है। गौरतलब है कि हत्या की चार वारदातों में से जिला मुख्यालय की एक घटना का अब तक खुलासा हुआ है, शेष तीन घटनाओं के आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, जिसके चलते अब जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।शराब पार्टी के बीच चाकूओं से गोद दियाताजा मामला जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के चुरयारी गांव का है, जहां बीती रात शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ और एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने मृतक के चेहरे और गले पर कई वार किए जिससे मौके पर उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। बताया गया है कि घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात चुरयारी गांव में कीरतपुर कला तिराहे के पास हुई। बताया गया है कि 30 वर्षीय मृतक भूरा उर्फ अखिलेश पुत्र लक्ष्मी पटेल निवासी गौरिहार, शराब का आदि था। बीती रात अपने पिता से झगड़ा करने के बाद वह घर से निकला और कुछ लोगों के साथ गांव के बाहर शराब पार्टी करने चला गया। इसी पार्टी में मौजूद किसी व्यक्ति से भूरा का विवाद हुआ और जवाब में आरोपी ने धारदार चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गौरिहार पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।चार में से तीन मामलों का अब तक नहीं हुआ खुलासाउल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह में हत्या की 4 घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चूंकि अब तक हत्या की चार वारदातों में से तीन का खुलासा नहीं हुआ है, इसलिए लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। बता दें कि एक सप्ताह पहले 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात बिजावर के भारतपुरा में वृद्ध की गला रेतकर हत्या हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है। इसके अगले दिन 27 और 28 अक्टूबर की दरम्यानी रात सटई थाना क्षेत्र के ग्राम कटारा में युवक की गला रेतकर हत्या की गई थी और इस घटना से भी अभी तक पर्दा नहीं हटा है। जिला मुख्यालय के पठापुर रोड पर हुई महिला की संदिग्ध मौत का बीते रोज खुलासा हुआ था और इसके बाद रविवार को गौरिहार क्षेत्र में युवक की हत्या हुई है।









