हरपालपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गांव की मस्जिद में आग लगा दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह मस्जिद के इमाम नमाज अदा करने पहुंचे और उन्होंने मस्जिद के अंदर धार्मिक ग्रंथों सहित अन्य सामान जला हुआ पाया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के पास एकत्र हो गए। तत्काल घटना की सूचना हरपालपुर थाना पुलिस को दी गई।
जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की और इस घटना में शामिल छह शरारती तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना के मास्टर माइंड हर्ष पटैरिया और मनोज पटैरिया को उत्तर प्रदेश के महोबा से गिरफ्तार किया है। साथ ही अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
इनका कहना-
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में 23-24 अक्टूबर की दरम्यानी रात कुछ असामाजिक तत्वों ने मस्जिद में धार्मिक दस्तावेजों को जलाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 326(छ) बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। दो मुख्य आरोपियों हर्ष पटैरिया और मनोज पटैरिया को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। पूर्व में भी इनमें से दो आरोपी इसी प्रकार की घटना में शामिल रहे हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक माहौल बिगाडऩे वालों पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी ने अन्य फरार आरोपियों पर 5 हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया है।









