छतरपुर। ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पठादा में एक किसान को खेत साफ करते समय हाईटेंशन लाइन से करंट लग गया, जिससे वह 50 फीसदी झुलस गया। तेज धमाके के साथ आग के गोले गिरे और युवक आग की चपेट में आ गया। पास के खेत में मौजूद चाचा ने तुरंत दौड़ लगाई और हाथों से आग बुझाने का प्रयास किया, जिसमें उनके दोनों हाथ जल गए। घायल को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है, और ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लटकती लाइनों की मरम्मत की मांग की है।बताया गया है कि ग्राम पठादा में दिनेश यादव पिता दौलत यादव उम्र 34 वर्ष खेत की सफाई कर रहे थे तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टकरा गई। करंट के तेज झटके से लगभग 10 फीट ऊपर से आग के गोले गिरे, जिससे दिनेश बुरी तरह आग में घिर गया। घटना के समय पास के ही खेत में काम कर रहे उनके चाचा स्वामी यादव ने धुआं और आग देखी तो दौड़ पड़े और हाथों से आग बुझाने की कोशिश की। इस प्रयास में स्वामी के दोनों हाथ झुलस गए। दिनेश को तुरंत ईशानगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुरानी और झूलती हाईटेंशन लाइनों की तत्काल जांच व मरम्मत की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।










