छतरपुर। जिला मुख्यालय के समीपी ग्राम बगौता के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि गांव के एक दबंग व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया गया है और इसके साथ ही तालाब से निकली नहर के पानी को भी रोका जा रहा है, जिससे वह परेशान हैं।
बगौता निवासी पुष्पराज सिंह चंदेल ने बताया कि गांव का रहने वाला प्रमोद धाकड़ दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है। प्रमोद द्वारा गांव की शासकीय भूमि पर कब्जा कर मकान बना लिया गया है और उसके घर के पास से निकली तालाब की नहर के पानी को रोका जा रहा है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि प्रमोद द्वारा इसी शासकीय भूमि पर अवैध प्लॉटिंग भी की जा रही है। कुछ दिनों पहले जब पंचायत द्वारा खेत-तालाब का निर्माण कराया जा रहा था तब उसमें भी प्रमोद ने आपत्ति लगाई थी। ग्रामीणों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति प्रमोद का विरोध करता है तो उसके द्वारा हरिजन एक्ट का झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने, अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने और प्रमोद के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई कराने की मांग की है।









