छतरपुर। उत्तरप्रदेश की सीमा से सटे जिले के ग्रामीण अंचलों में ड्रोन दिखाई देने की सूचनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीती रात एक बार फिर प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के ग्राम बदौरा में ड्रोन दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। हालांकि जब पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो ड्रोन की जगह बच्चों का खिलौना पुलिस को मिला।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के ग्राम बदौरा के ग्रामीणों ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि गांव के एक स्थान पर ड्रोन उड़ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि हवा में उडऩे वाली वस्तु ड्रोन नहीं बल्कि किसी बच्चे का खिलौना (हेलीकॉप्टर) है, जिसमें लाल और नीली लाईट जल रही थी। मामला उजागर होने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस ने गांव के लोगों और छोटे बच्चों को इस तरह की शरारत न करने की हिदायत दी।










