भगवां। थाना क्षेत्र के हरपुरा गांव में शुक्रवार को एक दबंग युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पति-पत्नी पर फरसे और लाठियों से हमला किया, जिसका वीडियो सामने आया है। पीडि़त पति-पत्नी की शिकायत पर भगवां पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरपुरा निवासी पुष्पेन्द्र राजा और जगदीश राजा के घर के पास एक खाली प्लाट है, जिस पर शुक्रवार को जगदीश की पत्नी विमलेश ने कचरा डाल दिया था। इसी बात को लेकर पुष्पेन्द्र के साथ विमलेश की कहासुनी होने लगी। वाद-विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक जा पहुंची। पुष्पेन्द्र ने अपने साथी रवि राजा, राकेश और सुनील के साथ मिलकर विमलेश और उसके पति जगदीश पर धारदार फरसे, वल्लम और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पास खड़े लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भगवां थाना प्रभारी कृपाल मार्को ने बताया कि पीडि़त विमलेश और जगदीश की शिकायत पर भगवां थाना में चारों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है, प्रकरण की जांच की जा रही है। मारपीट में जगदीश और विमलेश को मामूली चोटें आई हैं।









