छतरपुर। पिछले दिनों छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना में युवा कांग्रेस के छतरपुर विधानसभा अध्यक्ष पर दर्ज किए गए आपराधिक मामले का लगातार विरोध हो रहा है। शुक्रवार को अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कड़ा विरोध जताया। समाज के लोगों ने रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के युवा जिला अध्यक्ष आशीष पटेल के नेतृत्व में कुशवाहा समाज के सैकड़ों लोग मेला ग्राउंड में एकत्रित हुए। इसके बाद छत्रसाल चौराहा और आकाशवाणी तिराहे से होते हुए रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। आशीष पटेल ने कहा कि पुष्पेंद्र कुशवाहा की मां काशीबाई कुशवाहा वार्ड 38 से पार्षद हैं। पुष्पेन्द्र लंबे समय से नगर पालिका की अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाते आ रहे हैं, जिसके चलते कोतवाली थाने में उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाया गया है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो, पुष्पेंद्र को न्याय मिले और फर्जी मुकदमा दर्ज करवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।










