छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने आम लोगों की शिकायतों को त्वरित और पारदर्शी तरीके से निपटाने के लिए क्यूआर कोड आधारित शिकायत प्रणाली शुरू की है। इस पहल का शुभारंभ गुरुवार को डीआईजी ललित शाक्यवार ने किया, जिसका उद्देश्य पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ाना है। यह प्रणाली शिकायतकर्ताओं को सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने में मदद करेगी।
पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ललित शाक्यवार ने क्यूआर कोड शिकायत प्रणाली का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि यह एक बेहतरीन पहल है, जिसके तहत थानों में आने वाली शिकायतें, जिनका समय पर समाधान नहीं होता, अब क्यूआर कोड के जरिए सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) और डीआईजी तक पहुंचेंगी। इस प्रणाली से पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के व्यवहार पर भी नजर रखी जा सकेगी। शिकायतकर्ता क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायत या फीडबैक दर्ज कर सकते हैं, जिससे छोटी-छोटी समस्याएं भी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेंगी और उनका त्वरित समाधान होगा। डीआईजी ने कहा कि इससे थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी, क्योंकि शिकायतें सीधे एसपी या वरिष्ठ अधिकारियों के पास जाएंगी, जिनके निर्देश पर तुरंत कार्रवाई होगी। यह सुविधा अगले दो-तीन दिनों में जिले के सभी थानों में लागू हो जाएगी। इस मौके पर एसपी अगम जैन और एएसपी विदिता डागर भी मौजूद थीं।










