स्वतंत्रता दिवस के पहले जिले भर में घर-घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों के माध्यम से तिरंगा रैली निकालकर बच्चों में राष्ट्रध्वज के प्रति प्रेम जगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में विगत रोज स्थानीय पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छतरपुर की ओर से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं विद्यालय परिसर में प्राचार्य सविता अग्रवाल की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विद्यालय की हर कक्षा में डस्टबिन रखवाई गई ताकि बच्चे कचरा डस्टबिन में डाल सके और कक्षाएं साफ सुथरी बनी रहें। तिरंगा रैली विद्यालय से शुरू होते हुए किशोर सागर तालाब, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छत्रसाल चौक, महल रोड होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। बच्चों को राष्ट्रध्वज और राष्ट्र के प्रति सम्मान रखने की शिक्षा दी गई। वहीं अपने आसपास साफ सफाई बनाए रखने की प्रेरणा दी गई। इस अवसर पर व्याख्याता संजय श्रीवास्तव, ज्योति प्रकाश चतुर्वेदी, श्यामलाल प्रजापति, रविंद्र श्रीवास्तव, सत्येंद्र मिश्रा, उषा श्रीवास्तव, अर्चना अवस्थी, अर्चना साहू, रामप्रसाद रिछारिया, सचिन श्रीवास्तव सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।









