छतरपुर। जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में संजयनगर से टहनगा जा रहे एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। दो मोटरसाइकिलों की टक्कर से हुए हादसे के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन चिकित्सकों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टहनगा निवासी प्रीतम पुत्र दलुआ कुशवाहा उम्र लगभग 40 वर्ष बीती शाम संजयनगर से टहनगा किराने का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी बीच सामने से आ रही मोटरसाइकिलें से उनकी टक्कर हो गई और प्रीतम कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सोमवार को जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहां घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरु कर दी है।









