Home डेली न्यूज़ टीकमगढ़ में पीडब्ल्यूडी ने चलाया पौधारोपण अभियान, कार्यालय के इर्द-गिर्द नजर आएगी...

टीकमगढ़ में पीडब्ल्यूडी ने चलाया पौधारोपण अभियान, कार्यालय के इर्द-गिर्द नजर आएगी हरियाली

195
0
Jeevan Ayurveda


टीकमगढ़। मेघों के बरसते ही सडक़ों के इर्द-गिर्द और कार्यालय के आसपास वाले इलाकों को हराभरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग अभियान चलाने में जुटा है। इस दौरान अनेक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनकी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले कुछ ही दिनों में विश्राम गृह कैंपस एवं पीडब्ल्यूडी कार्यालय प्रांगण के अलावा जिले के कई इलाकों में हरियाली नजर आएगी। बीते दिनों विश्राम गृह कैंपस में किए गए पौधारोपण के बाद इस इलाके की सुंदरता में चार चांद लगते नजर आने लगे हैं। पौधों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में यह पौधारोपण अभियान कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज दुबे के नेतृत्व में किया गया है। बताया गया है कि जिला मुख्यालय के अलावा जिले के अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर पौधे रोपे जा रहे हैं।
बताया गया है कि कार्यपालन यंत्री श्री दुबे के निर्देशन में किए गए पौधारोपण अभियान के दौरान अब तक कई स्थानों पर पौधारोपण कर उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। श्री दुबे ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण देश के लिए एक बढ़ा संकट है, जिसे पौधारोपण के द्वारा ही दूर या कम किया जा सकता है। पौधों के बिना मानव जीवन संभव नहीं है। यह जहां धरा का ऋंगार करते हैं, वहीं मनुष्य को जीवन प्रदान करते हैं। हमें चाहिए कि हर साल कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। इसके साथ ही पौधों के बृक्ष बनने तक उनकी देखभाल भी करें। श्री दुबे ने बताया कि जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के अन्य कई इलाकों में भी पौधारोपण कराया जाएगा, जिससे शासन एवं प्रशासन की मंशा को पूरा करने के साथ ही लोगों को भी इसका भरपूर लाभ मिल सके। बीते दिनों विश्राम गृह में किए गए पौधारोपण से यहां के सौंदर्यीकरण में इजाफा होने की संभावना जहां बढ़ गई है, वहीं आने वाले दिनों में यहां पेड़ों से यहां की छटा देखते ही बनेगी। इस अवसर पर पौधारोपण करने वालों में कार्य पालन यंत्री मनोज दुबे के अलावा एसडीओ प्रदीप जैन, एसडीओ आलोक खरे, उप यंत्री मुकुल पाठक, उपयंत्री सिद्धार्थ खरे, उप यंत्री जय हिंद पटेल, डीए संजय शर्मा, अकाउंटेट भारती खरे एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा। श्री दुबे के नेतृत्व में पीडब्ल्यू्रडी विभाग द्वारा जिले के अधिकांश तहसील एवं ब्लाक मुख्यालय पर भी यह अभियान चलाया जाएगा। श्री खरे ने बताया कि यहां विभाग द्वारा जिन पौधों का रोपण अब तक किया गया है उनमें कलमी आम, जामुन, आंवला, इमली, सहजन, नीबू, बेल, कटहल आदि शामिल हैं। इसी प्रकार श्री दुबे द्वारा यहां बाटली पाम, अशोक पेन्डुलम, चांदनी, चमेली, गुड़हल, गुलमोहर, पीपल एवं नीम के खुशबूदार एवं छायादार पौधों का भी रोपण किया गया है। बताया गया है कि इन लगाए गए पौधों की जिला मुख्यालय पर संख्या 185 है, जिनमें आम, जामुन, आंवला के बीस-बीस एवं इमली, सहजन, बेल, नींंबू एवं कटहल के दस-दस पौधों का रोपण किया गया है। इसके साथ ही अन्य सभी यहां दस-दस पौधे लगवाए गए हैं। श्री दुबे ने कहा कि इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी पौधारोपण किया जाएगा, जिससे शहर एवं अन्य क्षेत्रों में पर्याप्त पौधारोपण किया जा सके।
एक पेड़ मां के नाम-
जिले में धरा को हरा-भरा बनाने के लिए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में अब तक सैकड़ों विद्यालयों एवं पंचायतों में पौधारोपण किया जा चुका है। एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के दौरान भी पौधारोपण कर प्रदूषण समाप्त करने के प्रयास तेजी से किए गए हैं। बताया गया है कि कलेक्टर श्री श्रोत्रिय सहित प्रशासन के अधिकांश अधिकारियों द्वारा जिले में पौधारोपण किया गया है, इसके साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर जिले में सराहनीय प्रयास किए हैं, जिनकी सराहना की जा रही है। बरसात होते ही पौधों के फलने -फूलने के दिन आ गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्दी ही यह पौधे पेड़ का आकार लेते नजर आएंगे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here