छतरपुर। शहर के सटई रोड पर रविवार को वार्ड नंबर 20 के रहवासियों ने बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर चक्का जाम कर दिया। वार्डवासियों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली की कटौती, जर्जर सड़कें और पानी की सप्लाई बाधित है। इन समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों और वार्ड पार्षद को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शनकारियों में शामिल नरेश तिवारी और मुन्ना शिवहरे ने बताया कि वार्ड के पार्षद भी उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। वार्डवासियों ने बताया कि वे कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसी अनदेखी से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और सटई रोड पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान मार्ग का आवागमन पूरी तरह ठप रहा। चक्का जाम की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे।









