हरपालपुर। बुंदेलखंड अंचल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियों, नालों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सावन की शुरुआत से पहले ही इस क्षेत्र में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे सभी प्रमुख बांध पानी से लबालब भर चुके हैं।
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में स्थित बान सुजारा बांध के सोमवार, 8 जुलाई की रात 7 गेट खोले गए थे। मंगलवार सुबह 8 बजे तक इसके 12 गेट खोल दिए गए और धसान नदी में करीब 78,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके परिणामस्वरूप नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और यह पानी बुधवार सुबह तक महोबा जनपद (उत्तर प्रदेश) में स्थित लहचूरा बांध तक पहुंच गया।
बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लहचूरा बांध के 6 से 7 गेट खोले गए, जिससे करीब 72,000 क्यूसेक पानी को सुरक्षित रूप से नीचे धसान नदी में छोड़ा जा रहा है। जल निकासी की यह प्रक्रिया बांध में आने वाली पानी की मात्रा और क्षेत्र में हो रही वर्षा पर निर्भर करेगी। वर्तमान में लहचूरा बांध अपने पूर्ण जल स्तर तक भर चुका है।
प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लहचूरा बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण धसान नदी उफान पर है। ऐसे में नदी किनारे बसे गांवों के निवासियों, मछुआरों, चरवाहों एवं बच्चों से अपील की गई है कि वे नदी के पास न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क है और स्थानीय लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
ध्यान देने योग्य है कि बारिश का यह सिलसिला यदि ऐसे ही जारी रहा, तो नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।










