छतरपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उसकी मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कर महिला ने अपने बेटे की हत्या की साजिश में परिवार के ही कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया और जांच की मांग की।
महाराजपुर के वार्ड नंबर 2 की निवासी मुन्नी बाई ने बताया कि गत 18 जून को उनके पुत्र प्रदीप चौरसिया का शव महाराजपुर की कमल तलैया में मिला था। उनका आरोप है कि कृषि भूमि और बरेजे की जमीन को लेकर प्रदीप का उसकी बुआ साधना चौरसिया और साधना की पुत्री माधुरी चौरसिया के साथ विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर छतरपुर न्यायालय में प्रकरण भी लंबित है। मुन्नी बाई ने आरोप लगाया कि साधना चौरसिया, उसके पति जयप्रकाश चौरसिया, पुत्र प्रशांत और सचिन तथा पुत्री माधुरी ने प्रदीप के साथ द्वेष भावना रखते हुए कई बार उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उनके अनुसार, साधना और माधुरी ने साजिश रचकर जयप्रकाश, प्रशांत और सचिन के माध्यम से प्रदीप को शराब पिलाई, उसके हाथ बांधे और उसे कमल तलैया में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मुन्नी बाई ने पुलिस से इस मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।










