
छतरपुर। छतरपुर की प्राचीन धरोहर सिंघाड़ी नदी की साफ-सफाई को लेकर नगर पालिका की लापरवाही सामने आई है। समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने सफाई के नाम पर केवल मशीनें रखी हैं, लेकिन वास्तव में कोई सफाई कार्य नहीं हो रहा। नदी की गंदगी और जल संरक्षण की अनदेखी को लेकर समाजसेवियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
समाजसेवी राजेंद्र अग्रवाल और ग्राहक पंचायत की शैलेंद्र मिश्रा ने कहा, सिंघाड़ी नदी हमारी प्राचीन धरोहर है, जिसे संरक्षित करना हमारा कर्तव्य है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाकर अगली पीढ़ी को सौंपना होगा। नगर पालिका की लापरवाही के कारण नदी गंदगी का अड्डा बन रही है। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर जनजागरूकता के साथ-साथ आंदोलन भी किया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका ने नदी की सफाई के लिए मशीनें तो तैनात कीं, लेकिन नियमित सफाई कार्य नहीं हो रहा। नदी में कचरा, मलबा और गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे पर्यावरण और जल स्रोत को नुकसान पहुंच रहा है। लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका नदी की सफाई के लिए ठोस कदम उठाए और जल संरक्षण के लिए दीर्घकालिक योजना बनाए। समाजसेवियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका ने जल्द ही नदी की सफाई और संरक्षण के लिए कदम नहीं उठाए, तो वे जनता के साथ मिलकर आंदोलन शुरू करेंगे।








