खजुराहो। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा योग को वैश्विक पहचान देते हुए वर्ष 2015 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का एक दशक पूरा हुआ है, इस अवसर पर सभी जिलों में वृहद रूप से सामूहिक योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार द्वारा इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की निर्धारित थीम एक पृथ्वी एवं एक स्वास्थ्य के लिए योग है।
इस योग संगम में छतरपुर जिले की विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो में मुख्य अथिति वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार की गरिमामई उपस्थिति में पश्चिमी मंदिर समूह के कंदरिया महादेव प्रांगण में वृहद सामूहिक योगभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी, नगर परिषद सीएमओ बसंत चतुर्वेदी,एवं प्रशासनिक अधिकारियों में एसपी अगम जैन, सीईओ जिला पंचायत तपस्या परिहार, एडीएम मिलिंद नागदेवे, सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, डिप्टी कलेक्टर विशा माधवानी, बी आर सी अतुल चतुर्वेदी सहित जिले के सभी अधिकारियों ने बढ़चढकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इसके साथ ही जिले के एनसीसी ऑफिसर्स, कैडेट्स, स्कूल के शिक्षक एवं छात्र छात्राएं, खजुराहो सीआईएसएफ के जवान, पहल वाटिका योग ग्रुप के लोग एवं कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और छोटे बच्चे शामिल हुए एवं आम नागरिकगण ने भी बढ़चढकर सामूहिक योग किया। जो मंदिर परिसर की दिव्यता के बीच उत्साहपूर्वक योग करते नजर आए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आरके बीच से प्रसारित सीधा संबोधन एवं माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश भी लाइव भोपाल में अटल पथ से टेलीकास्ट किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े ध्यान से सुना। पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि मैं स्वयं प्रतिदिन योग करता हूँ, यह जीवन में संतुलन, अनुशासन और शांति लाता है। और सभी से आग्रह किया कि सभी नागरिकों को योग को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
योग से मिलती है शारीरिक एवं मानसिक शक्ति : विधायक श्री पटैरिया
विधायक अरविंद पटैरिया ने कहा कि हम हर वर्ष भगवान मतंगेश्वर की उपस्थिति में योग करते हैं। प्रधानमंत्री जब योग को विश्व मंच पर लाए, जिससे आज यह योग भारत की पहचान है। योग से हमें मानसिक और शारीरिक शक्ति मिलती है उन्होंने कहा कि इसे हर दिन की दिनचर्या में शामिल करें, तभी हम स्वस्थ और सशक्त बनेंगे।









